उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में सोमवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक विवाहिता का शव गांव के बाहर गेहूं के खेत में पड़ा मिला। मृतका होली के त्योहार पर अपने मायके आई हुई थी। घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए ग्रामीणों ने दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह जब गांव के कुछ लोग शौच के लिए खेतों की ओर गए थे, तब उनकी नजर गेहूं के खेत में पड़े शव पर पड़ी। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। मृतका की पहचान होने पर परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
ग्रामीणों ने बताया कि महिला विवाहित थी और कुछ दिन पहले ही होली मनाने के लिए अपने मायके आई थी। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश है और लोग जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि परिजनों से प्राप्त तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
"विवाहिता का शव खेत में मिला है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों और दुष्कर्म की पुष्टि हो सकेगी। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।" — ज्ञानेंद्र कुमार सिंह, एएसपी
