प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार की शाम करीब 5:00 बजे एक ऑल्टो कार गोलबाग की ओर से झालू की तरफ आ रही थी। जैसे ही कार बस स्टैंड तिराहे से पहले मस्जिद के पास पहुंची वह अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे विधुत पोल से जा टकराई। टक्कर इतनी भयानक थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई| प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार में सवार एक युवक का सिर कार के अगले शीशे को तोड़कर बाहर निकल गया जिसमे युवक गंभीर रूप से घयल हो गया|
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय राहगीरों ने तत्काल इसकी सूचना झालू चौकी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कांस्टेबल राजीव तोमर (फौजी),देवेंद्र सिंह और शुभम राठी आनन-फानन में मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला और तुरंत उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
दुर्घटना में घायल हुए युवकों की पहचान इस प्रकार हुई है तरुण पुत्र जोगिंदर सिंह निवासी चौकपुरी शुभम व आकाश निवासी हीरापुर गाव के बताये जा रहे है| घटनास्थल पर पहुंचे तरुण के परिजनों ने बताया कि तरुण दुर्घटना से कुछ समय पहले ही घर से झालू जाने की बात कहकर निकला था।
इस दर्दनाक हादसे से पूरे नगर में हड़कंप मच गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला और क्षतिग्रस्त वाहन को मार्ग से हटवाया। पुलिस प्रशासन का कहना है कि घायलों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है और मामले में अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
