नूरपुर| थाना रोड पर रविवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया जहाँ पानी पीने आए एक दिव्यांग युवक की फ्रीजर में दौड़ रहे करंट की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया वही दूसरी ओर मृतक के परिवार में चीख-पुकार मच गई तथा म्रतक के मोहल्ले व परिवार में शौक की लहर दौड़ गई|
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना रोड पर प्राचीन शिव मंदिर के पास रखे एक फ्रीजर पर रविवार को एक दिव्यांग युवक पानी पीने के लिए पहुँचा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जैसे ही युवक फ्रीज़र पीने लगा तभी फ्रीज़र में उतर रहे जोरदार करंट ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। करंट इतना भीषण था कि युवक तत्काल अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ा।
उसी समय आस-पास मौजूद लोगों ने आनन-फानन में फ्रीजर की विद्युत लाइन काटी और मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को दी। मौके पर पहुँची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से युवक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया जहाँ पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस को मृतक की जेब से मिले आधार कार्ड के जरिए उसकी पहचान राजेंद्र उर्फ राजू (40 वर्ष) पुत्र रामलाल सैनी निवासी मोहल्ला रईसयान हल्दौर के रूप में हुई। पुलिस द्वारा सूचना दिए जाने पर परिजन तत्काल अस्पताल पहुँचे। राजेंद्र की मौत की खबर सुनते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों ने बताया कि राजेंद्र नूरपुर में ही रहकर थाना चौक के पास फड़ लगाकर बीज आदि बेचने का काम करता था। वह अपनी दिव्यांगता के बावजूद मेहनत कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहा था ऐसे में उसकी अचानक मौत से घर पर दुखोँ का पहाड़ सा टूट पड़ा है।
पुलिस ने कागजी कार्यवाही पूरी करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
