नहटौर। कोतवाली रोड पर रविवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया जिसमें पॉपुलर की लकड़ियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे गड्ढे में पलट गई। इस हादसे में ट्रैक्टर चालक लकड़ियों के नीचे दब गया जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने घंटों की मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया|
प्राप्त जानकारी के अनुसार नहटौर थाना क्षेत्र के ग्राम रुखड़ियो निवासी राजेंद्र सिंह पुत्र बिशन लाल उर्म लगभग 45 बर्ष ट्रैक्टर-ट्रॉली में पॉपुलर की लकड़ी लादकर नहटौर से नजीबाबाद की ओर जा रहा था जैसे ही वह कोतवाली रोड पर स्थित फुलसंदा गांव के पास पहुंचा तभी अचानक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरी।
हादसा इतना अचानक और भीषण था कि ट्रॉली पर लदी भारी-भरकम लकड़ियां सीधे चालक राजेंद्र सिंह के ऊपर जा गिरीं। लकडियों के नीचे दबने के कारण उसे संभलने का मौका नहीं मिला और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों ने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी|
सूचना मिलते ही नहटौर प्रभारी निरीक्षक रविंद्र प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों और स्थानीय ग्रामीणों ने भारी मशक्कत के बाद लकड़ियों को हटाकर नीचे दबे राजेंद्र के शव को बाहर निकाला और दुर्घटना कि जानकारी म्रतक के परिजनों को दी| पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया| म्रतक अपने पीछे रोता-बिलखता परिवार छोड़ गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम सा छाया हुआ है|
