जलीलपुर/जिला बिजनौर-चाय बनाते समय सिलेंडर ने पकड़ी आग घर का कीमती सामान जलकर हुआ राख - NEWS INDIA 24 #बेबाक कलम, बेखौफ सच#

Breaking

मंगलवार, 14 अप्रैल 2026

जलीलपुर/जिला बिजनौर-चाय बनाते समय सिलेंडर ने पकड़ी आग घर का कीमती सामान जलकर हुआ राख

www.newsnindia.com

जलीलपुर क्षेत्र के ग्राम बीरमपुर में मंगलवार दोपहर रसोई गैस सिलेंडर में अचानक आग लग जाने से एक परिवार का घर के अन्दर रखा सामान जलकर राख हो गया। इस भीषण अग्निकांड में घर के अंदर रखा कीमती सामान, आभूषण और कपड़े जलकर राख हो गए। ग्रामीणों ने मिट्टी और रेत डालकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।  


प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बीरमपुर निवासी ब्रजपाल सिंह की पुत्री अंशु मंगलवार दोपहर के बाद रसोई में गैस चूल्हे पर चाय बना रही थी। चाय चूल्हे पर रखकर वह किसी काम से कमरे से बाहर आई ही थी कि अचानक किन्ही कारणों के कारण आग की चिंगारी ने विकराल रूप ले लिया। देखते ही देखते आग ने पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया।  


घर के अंदर से आग की लपटें उठती देख अंशु,वीरमति और विशाल ने शोर मचाना शुरू कर दिया। आग लगने की खबर से पूरे गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। ग्रामीणों ने साहस का परिचय देते हुए घर के आसपास की मिट्टी खोदकर आग पर डालनी शुरू की। काफी जद्दोजहद के बाद आग पर काबू पाया जा सका लेकिन तब तक घर में रखा काफी सामान स्वाहा हो चुका था।  


पीड़ित परिवार के अनुसार इस आगजनी में घर के अंदर रखे बेशकीमती कपड़े,चारपाइयां,बिस्तर और महत्वपूर्ण आभूषण जलकर राख हो गए हैं जिससे लाखों रुपए का आर्थिक नुकसान होना बताया जा रहा है। आग पर काबू पाने में विशाल,शुभम,हिमांशु,कपिल,भूदेव समेत अन्य ग्रामीणों का विशेष सहयोग रहा। गनीमत रही कि समय रहते ग्रामीणों ने आग पर काबू पा लिया,वरना सिलेंडर फटने से कोई भी बड़ा हादसा हो सकता था। परिवार का सब कुछ जल गया है, हम प्रशासन से मुआवजे की मांग करते हैं| इस घटना के बाद से पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है,वहीं पूरे क्षेत्र में इस हादसे को लेकर चर्चा बनी हुई है।  

कुल पाठक संख्या.........