नहटौर क्षेत्र के ग्राम दामनगर लकड़ा में बुधवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। घर में बंधे एक पालतू कुत्ते ने अपनी ही मालकिन पर अचानक हमला बोल दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और घटना से पुरे गोंव में हडकम्प मच गया|
प्राप्त जानकारी के अनुसार दामनगर लकड़ा निवासी विपिन कुमार की पत्नी रीना बुधवार दोपहर करीब 1 बजे घर के आंगन में अपना काम कर रही थीं। इसी दौरान उनके पालतू कुत्ते ने अचानक अपना आपा खो दिया और उस पर हमला कर दिया। कुत्ता इतना आक्रामक था कि उसने रीना के पैर को बुरी तरह से चबा लिया। रीना की चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद उसे कुत्ते के चंगुल से छुड़ाया।
खून से लथपथ रीना को तुरंत परिजनों ने सीएचसी नहटौर में भर्ती कराया| अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि कुत्ते के दांत मांस में काफी गहरे धंस गए थे। घाव की गंभीरता को देखते हुए महिला के पैर में 10 टांके लगाने पड़े हैं। फिलहाल महिला की हालत स्थिर है लेकिन वह गहरे सदमे में है।
इस घटना के बाद से गांव में पालतू और आवारा कुत्तों के आतंक को लेकर लोगों में भारी रोष और डर देखा जा रहा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि क्षेत्र में कुत्तों के हमलों की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं प्रशासन को हिंसक कुत्तों के संबंध में ठोस कदम उठाने चाहिए।
