नूरपुर क्षेत्र की आशा एवं आशा संगिनी कार्यकर्ताओं ने पिछले तीन महीनों से मानदेय का भुगतान न होने पर कड़ा रोष जताया है। मंगलवार को आशा/आशा संगिनी कर्मचारी संगठन उत्तर प्रदेश' सम्बद्ध भारतीय मजदूर संघ की और से कार्यकर्ताओं ने प्रभारी चिकित्साधिकारी नूरपुर को ज्ञापन सौंपकर जल्द भुगतान की मांग की। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र संज्ञान नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
जिलाध्यक्ष बेबी देवी के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि मानदेय न मिलने के कारण आशा कार्यकर्ताओं के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। उन्हें अपने परिवार का भरण-पोषण करने में अत्यधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन मे बताया कि इस संबंध में पहले भी पत्र के माध्यम से सूचित किया गया था,लेकिन इस ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई,जिससे कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी है।
ज्ञापन में बताया गया कि मानदेय की अनदेखी से क्षुब्ध होकर आशा कार्यकर्ताओं ने पूर्व में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन करने का निर्णय लिया था। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे अपनी समस्याओं से पहले भी अवगत करा चुकी हैं लेकिन सुनवाई न होने के कारण अब उनके पास विरोध का ही रास्ता बचा है। प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने के दौरान मुख्य रूप से निम्नलिखित कार्यकर्ता मौजूद रहीं जिनमे पूनम शर्मा जमालपुर किरत,सीमा त्यागी पुवैना,मंजू देवी तेलीपुरा,राजरानी गोहावर,प्रतीक्षा शर्मा बिडरा,सुदेश देवी गुनिया खेड़ी,जोजीता देवी नगली पथवारी,मुन्नी टांडा,बबीता आदि सहित कई आशा-आशा संगिनिया मौजूद रही|
