बिजनौर जनपद के थाना कोतवाली शहर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गाँव दीदा नंगला में गुरुवार को जमीनी रंजिश के चलते एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है जिसमे खेत में ट्यूबवेल लगाने के विवाद ने इतना तूल पकड़ा कि एक भतीजे ने अपने चाचा की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद गाँव में अफरा-तफरी मच गई,वहीं आरोपी ने खुद थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चर्चा है कि मृतक इशाक और उसके भतीजे शाने राजा के बीच काफी समय से जमीन को लेकर खींचतान चल रही थी। गुरुवार दोपहर बाद खेत पर ट्यूबवेल लगाने की बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आवेश में आकर शाने राजा ने अपने चाचा इशाक को गोली मार दी| गोली लगते ही इशाक लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। गोली लगने के बाद घायल को आनन फानन में ही उपचार हेतु अस्पताल लाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हत्या की इस दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी शाने राजा सीधे थाने पहुँचा और पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आलाधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। वही दिनदहाड़े हुई इस हत्या से गाँव मे अफरा तफरी मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
उक्त घटना के सम्बन्ध मे बिजनौर पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा जानकारी देते हुए बताया कि दीदा नंगला गांव में जमीनी विवाद के चलते इशाक नाम के व्यक्ति की गोली मारी गई है। आरोपी शाने राजा ने थाने में पहुचकर आत्मसमर्पण कर दिया है। प्राथमिक जांच में हत्या का कारण खेत में ट्यूबवेल लगाने को लेकर हुआ विवाद सामने आया है। पुलिस सभी पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है और विधिक कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है।
