जिला बिजनौर-खड़े ट्रक में पीछे से घुसा दूसरा ट्रक के हेल्पर की हुई मौत चालक घायल - NEWS INDIA 24 #बेबाक कलम, बेखौफ सच#

Breaking

रविवार, 26 अप्रैल 2026

जिला बिजनौर-खड़े ट्रक में पीछे से घुसा दूसरा ट्रक के हेल्पर की हुई मौत चालक घायल

www.newsnindia.com
हल्दौर| नूरपुर से बिजनौर मार्ग पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गांव मलकपुर के पास खड़े एक ट्रक में पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में ट्रक के क्लीनर की उपचार के दौरान मौत हो गई,जबकि चालक गंभीर रूप से घायल है। टक्कर इतनी भीषण थी कि पीछे वाले ट्रक के परखच्चे उड़ गए।


प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब 5:30 बजे हल्दौर थाना क्षेत्र के गांव मलकपुर के पास एक ट्रक का डीजल समाप्त हो गया था जिस कारण वह सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान नूरपुर की ओर से आ रहे एक अन्य ट्रक ने खड़े ट्रक में पीछे से सीधी टक्कर मार दी।


हादसा इतना भयानक था कि पीछे वाले ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक व क्लीनर उसमें फंस गए। दुर्घटना के बाद मौके पर राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई और हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलते ही हल्दौर थाना प्रभारी निरीक्षक किशन अवतार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद केबिन में फंसे घायलों को बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल भिजवाया।


अस्पताल में उपचार के दौरान ट्रक क्लीनर सुखराम पुत्र दलपत निवासी शाहजहांपुर की मृत्यु हो गई। वहीं ट्रक चालक सर्वेश पुत्र मेहरबान निवासी तिलहर शाहजहांपुर भी घायल हो गया जिनका उपचार जारी है। दुर्घटना के कारण नूरपुर-बिजनौर मार्ग पर काफी समय तक जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया।


हल्दौर थाना प्रभारी निरीक्षक किशन अवतार ने बताया मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों को सूचित कर दिया गया है और पुलिस मामले में अग्रिम कानूनी कार्रवाई कर रही है।

कुल पाठक संख्या.........