प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव धर्मपुरा के सामने शारदा कबड्डी के पास जल जीवन मिशन का स्टोर बनाया गया है। रविवार दोपहर बाद स्टोर में अचानक आग की लपटें उठने लगीं। कर्मचारियों ने आग बुझाने का प्रयास किया और तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी लेकिन जब तक दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुँचतीं,आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग की लपटें और काला धुआं कई किलोमीटर दूर से ही दिखाई दे रहा था।
स्टोर के सुपरवाइजर शुभम परिहार ने बताया कि आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक आकलन के अनुसार आग में जल जीवन मिशन से जुड़े लगभग 15 से 20 टंकी के बॉक्स और बड़ी मात्रा में पाइप जलकर पूरी तरह नष्ट हो गए हैं। उन्होंने इस घटना में कई लाख रुपये के आर्थिक नुकसान की आशंका जताई है। राहत की बात यह रही कि इस अग्निकांड में कोई जनहानि नहीं हुई।
आग की सूचना मिलते ही आदर्श ग्राम पंचायत धर्मपुरा के ग्राम प्रधान शौवीर सिंह तुरंत मौके पर पहुँचे। आग की भयावहता को देखते हुए उन्होंने ग्रामीणों को घटनास्थल से दूर रहने की हिदायत दी ताकि कोई बड़ा हादसा न हो। सूचना मिलने पर झालू चौकी पुलिस भी मौके पर पहुँची और स्थिति का जायजा लिया।
.jpeg)