हल्दौर| जनपद बिजनौर के हल्दौर थाना क्षेत्र के एक गॉव के बैंकेट हॉल में आयोजित एक शादी समारोह का कार्यक्रम उस समय चर्चा का विषय बन गया जब दुल्हन ने दूल्हे के अभद्र व्यवहार और दहेज की मांग के आगे झुकने के बजाय बारात को खाली हाथ वापस लौटाने का साहसिक निर्णय लिया। उत्तराखंड के लक्सर से आई यह बारात बिना दुल्हन के ही वापस बेरंग लौट गई। इस घटना से पुरे दिन छेत्र में चर्चाओ का बाज़ार गर्म रहने के साथ साथ तरह तरह कि चर्चाए चलती रही| मिली जानकारी के अनुसार लक्सर से आई बारात का स्वागत सत्कार बेहद उत्साह के साथ किया गया था लेकिन जयमाला और सात फेरों जैसी मुख्य रस्में भी शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो चुकी थीं। लेकिन खुशियों के इस माहौल में दरार तब पड़ी जब रस्मों के दौरान दूल्हे ने अजीबोगरीब हरकतें शुरू कर दीं। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि दूल्हा बारात के समय नशे की हालत में प्रतीत हो रहा था।
हंगामे की शुरुआत तब हुई जब दूल्हे की किसी बात को लेकर दुल्हन के भाई के साथ कहासुनी हो गई। चर्चा यह भी है कि दूल्हे पक्ष की ओर से अचानक अतिरिक्त नकदी और सामान की मांग भी रख दी गई। मांग पूरी न होने पर दूल्हा पक्ष के लोग तीखी नोकझोंक और अभद्रता पर उतर आए। स्थिति बिगड़ती देख दुल्हन पक्ष के लोगों ने विरोध जताते हुए बारातियों को बैंकेट हॉल में ही रोक लिया।
कई घंटों तक चले इस ड्रामे और दूल्हे के व्यवहार को देख दुल्हन ने अपने भविष्य को लेकर एक बड़ा फैसला लिया। उसने ऐसी परिस्थिति में ससुराल जाने से साफ इनकार कर दिया। परिजनों और बिचौलियों ने दुल्हन को समझाने की काफी कोशिश की लेकिन वह अपने फैसले पर अडिग रही। दुल्हन के इस कड़े रुख के बाद शादी का जश्न तनाव और सन्नाटे में बदल गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को सूचना दे दी गई। हालांकि खबर लिखे जाने तक दोनों पक्षों के बीच आपसी तालमेल से मामले को सुलझाने की कोशिश जारी थी। इस सम्बन्ध में हल्दौर पुलिस का कहना है कि उन्हें घटना की जानकारी मिली है लेकिन अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। वही दूसरी और इस घटना को लेकर छेत्र में तरह तरह कि चर्चाए दिनभर चलती रही|