प्राप्त जानकारी के अनुसार,मृतक चालक की पहचान धर्मेंद्र के रूप में हुई है,जो जनपद बिजनौर में रोडवेज में अपनी सेवाएं दे रहा था। घटना का खुलासा बुधवार सुबह उस वक्त हुआ जब बस का परिचालक (कंडक्टर) ड्यूटी के लिए स्टैंड पर खड़ी बस के पास पहुंचा। बस के भीतर कदम रखते ही परिचालक के होश उड़ गए,उसने देखा कि बस चालक का शव फंदे से लटका हुआ था। परिचालक ने तत्काल इसकी सूचना डिपो के उच्चाधिकारियों को दी। घटना की जानकारी मिलते ही ए.आर.एम.अशोक कुमार आनन-फानन में मौके पर पहुंचे और स्थानीय पुलिस को सूचित किया।
सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और शव को फंदे से उतारकर कब्जे में ले लिया। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। रोडवेज बस के भीतर हुई इस आत्महत्या की खबर जैसे ही चालक के परिजनों को मिली,परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इस मामले के संबंध में पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) नगर ने बताया कि प्रथम दृष्टया से यह मामला आत्महत्या का लग रहा है। उन्होंने बताया कि चालक का अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था,जो आत्महत्या की मुख्य वजह लग रही है| पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस घटना के हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है ताकि मौत के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके।
