हल्दौर/झालू। बिजनौर से नहटौर मार्ग पर स्थित झालू में बुधवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सबको दहला दिया। दो बाइकों के बीच हुई जबरदस्त आमने-सामने की भिड़ंत में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि टक्कर के बाद बाइक के परखच्चे उड़ गए वहीं दूसरा बाइक सवार अपनी बाइक घटनास्थल पर ही छोड़कर मौके से फरार होने में कामयाब रहा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कोतवाली शहर क्षेत्र के गांव गोकलपुर उर्फ पैदा निवासी चंदन पुत्र चंद्रपाल सिंह उर्म लगभग 23 बर्ष बुधवार दोपहर बाद अपनी बाइक से बिजनौर से नहटौर की ओर जा रहा था जैसे ही वह झालू में पानी की टंकी के पास पहुंचा तभी विपरीत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार आ रही बाइक व उसकी बाइक की सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चंदन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते राहगीरों व स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। भीड़ का फायदा उठाकर दूसरा बाइक सवार अपनी क्षतिग्रस्त बाइक को वहीं छोड़कर फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसा इतना भयानक था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए|घटना के बाद मार्ग पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही झालू चौकी पुलिस आनन-फानन में मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए भीड़ को हटाया और यातायात सुचारू कराया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
दुर्घटना के सम्बन्ध में हल्दौर प्रभारी निरीक्षक किशन अवतार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस ने मौके से दूसरी बाइक को अपने कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। युवक की मौत की खबर मिलते ही गांव पैदा में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
