हीमपुर दीपा/जिला बिजनौर-दवाई लेकर लौट रहे दो युवकों पर गुलदार का हमला,हुए घायल - NEWS INDIA 24 #बेबाक कलम, बेखौफ सच#

Breaking

सोमवार, 8 जून 2026

हीमपुर दीपा/जिला बिजनौर-दवाई लेकर लौट रहे दो युवकों पर गुलदार का हमला,हुए घायल

www.newsnindia.com
हीमपुर दीपा। दवाई लेकर घर लौट रहे दो युवकों पर गुलदार ने अचानक हमला कर दिया। गुलदार के हमले में दोनों युवक घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) स्याऊ में भर्ती कराया गया। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है और उन्होंने वन विभाग से गुलदार को पकड़ने की मांग की है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार भवानीपुर गगरैन निवासी नितिन और अभिषेक मंगलवार शाम बाइक से दवाई लेने के लिए थाना हीमपुर दीपा क्षेत्र के गांव गदनपुरा गए थे। दवाई लेकर वापस अपने गांव लौटते समय गदनपुरा के निकट किसान सहदेव के कुएं के पास घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक उनकी बाइक पर हमला कर दिया। हमले में दोनों युवक घायल हो गए।


बताया जाता है कि युवकों ने शोर मचाकर किसी तरह अपनी जान बचाई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। घायल युवकों को उपचार के लिए सीएचसी स्याऊ ले जाया गया,जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।


गुलदार के हमले की खबर फैलते ही गांव और आसपास के क्षेत्रों में भय का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में पिंजरा लगाकर गुलदार को पकड़ने तथा लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।


गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व भी हीमपुर दीपा क्षेत्र में एक महिला पर गुलदार ने हमला कर दिया था। उस दौरान महिला ने साहस का परिचय देते हुए गुलदार का मुकाबला किया और खुद को सुरक्षित बचाने में सफल रही थी। लगातार हो रही घटनाओं से क्षेत्र के लोगों में चिंता बढ़ गई है।

कुल पाठक संख्या.........