प्राप्त जानकारी के अनुसार हल्दौर थाना क्षेत्र के एक गांव में युवती का विवाह समारोह आयोजित था। बारात बरूकी क्षेत्र के समीप स्थित एक गांव से आई थी। प्रारंभ में विवाह समारोह शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा था,लेकिन देर डीजे पर अपनी पसंद का गाना बजाने और डांस करने को लेकर दोनों पक्षों के कुछ युवकों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई।
इसी दौरान एक व्यक्ति ने लड़की पक्ष के युवक के साथ मारपीट कर दी,जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे के साथ हाथापाई शुरू कर दी। मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। घायल युवक को तत्काल निजी चिकित्सक के यहां ले जाकर प्राथमिक उपचार दिलाया गया।
घटना के बाद शादी समारोह का माहौल कुछ समय के लिए तनावपूर्ण बना रहा। हालांकि बाद में परिजनों एवं ग्रामीणों के प्रयास से स्थिति सामान्य हुई और विवाह की अन्य रस्में संपन्न कराई गईं।
वहीं,इस घटना को लेकर पूरे गांव में दिनभर चर्चाओं का बाजार गर्म रहा। गली-मोहल्लों और चौराहों पर लोग शादी समारोह में हुए विवाद को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं करते नजर आए। फिलहाल समाचार लिखे जाने तक इस घटना को लेकर किसी पक्ष की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज कराए जाने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
