हीमपुर दीपा गांव की उत्तर दिशा में लाला विशंबर लाल के बाग के समीप स्थित किसान नितिन कुमार पुत्र नरेश बंसल के ट्यूबवेल के मकान का ताला तोड़कर चोर स्टार्टर,ऑपरेटर तथा मोटर में लगी लगभग 20 मीटर केबल चोरी कर ले गए। इसके बाद चोरों ने पास में स्थित दूसरेपप्पू पंडित पुत्र बाबूराम के ट्यूबवेल को भी निशाना बनाया और वहां से भी बिजली की केबल चोरी कर फरार हो गए।
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले दो सप्ताह में होशले बुलन्द चोर मुबारकपुर कला से लेकर हीमपुर दीपा क्षेत्र के कई किसानों के ट्यूबवेलों पर चोरी की घटनाएं कर चुके हैं। चोर बिजली से संचालित उपकरणों को लगातार चोरी कर रहे हैं,जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ सिंचाई व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।
पीड़ित किसान नितिन कुमार ने थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर देकर शीघ्र खुलासे और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है। लगातार क्षेत्र में हो रही घटनाओं के बावजूद अब तक किसी भी घटना का खुलासा न होने से किसानों में पुलिस की कार्यशैली को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है।
घटना के संबंध में हल्का प्रभारी रजत चौधरी ने बताया कि किसान द्वारा घटना की तहरीर प्राप्त हुई है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
