हीमपुर दीपा थाना क्षेत्र के गांव सिकरौंधा में गुलदार का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बीती रात गुलदार ने गांव में घुसकर एक किसान की पशुशाला में बंधी गाय पर हमला कर उसे मार डाला। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है,जबकि ग्रामीणों ने वन विभाग की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए तत्काल पिंजरा लगाने और पीड़ित किसान को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव सिकरौंधा निवासी विजेंद्र पुत्र फत्तू की घर के समीप ही पशुशाला स्थित है। प्रतिदिन की भांति बुधवार रात उनके मवेशी पशुशाला में बंधे हुए थे। देर रात घात लगाए बैठे गुलदार ने पशुशाला में घुसकर एक गाय पर अचानक हमला कर दिया। गुलदार ने गाय को बुरी तरह नोच डाला जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
गुरुवार सुबह जब परिजन पशुओं की देखभाल के लिए पशुशाला पहुंचे तो वहां का भयावह दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। गाय का क्षत-विक्षत शव देखकर परिजनों ने शोर मचाया,जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। घटना की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस एवं वन विभाग को दी गई।
घटना के बाद गांव सिकरौंधा सहित आसपास के क्षेत्रों में दहशत व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पिछले कुछ समय से गुलदार की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं। खेतों में काम करने वाले किसानों और पशुपालकों में भय का माहौल है तथा शाम ढलते ही लोग घरों से बाहर निकलने से कतराने लगे हैं।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि वन विभाग को कई बार गुलदार की मौजूदगी की जानकारी दी जा चुकी है,लेकिन अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। उनका कहना है कि यदि समय रहते गुलदार को नहीं पकड़ा गया तो भविष्य में किसी बड़ी जनहानि से भी इनकार नहीं किया जा सकता।
ग्रामीणों ने प्रशासन एवं वन विभाग से मांग की है कि पीड़ित किसान को शीघ्र उचित मुआवजा प्रदान किया जाए तथा गांव के आसपास तत्काल पिंजरा लगाकर गुलदार को पकड़ने की कार्रवाई की जाए,ताकि ग्रामीणों को भय के माहौल से राहत मिल सके।
