प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना मंडावर क्षेत्र के गांव गोपालपुर निवासी दिलशाद पुत्र फानूस (16 वर्ष) तथा सहवाज पुत्र शाहिद (18 वर्ष) बुधवार दोपहर बालावाली के पास गंगा में नहाने के लिए गए थे। नहाने के दौरान दोनों युवक अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। साथ मौजूद अन्य युवकों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया,लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद उन्होंने शोर मचाकर आसपास के लोगों को सूचना दी।
शोर सुनकर बालावाली पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और गोताखोरों की सहायता से युवकों को बचाने का प्रयास शुरू किया गया। हालांकि तब तक दोनों युवक गंगा की गहराइयों में समा चुके थे। गोताखोरों द्वारा कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों के शव बरामद कर लिए गए।
परिजन दोनों युवकों को तत्काल एक निजी चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे,जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर फैलते ही आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं,गांव गोपालपुर में दोनों युवकों की मौत की सूचना मिलते ही मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में गहरा दुख और शोक व्याप्त है।
