जिला बिजनौर-बुलेट की टक्कर से मजदूर की हुई मौत,परिवार में मचा कोहराम - NEWS INDIA 24 #बेबाक कलम, बेखौफ सच#

Breaking

बुधवार, 3 जून 2026

जिला बिजनौर-बुलेट की टक्कर से मजदूर की हुई मौत,परिवार में मचा कोहराम

www.newsnindia.com
बिजनौर । कस्बा झालू में पानी की टंकी के पास बुधवार रात हुए सड़क हादसे में एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया,जबकि गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा दुर्घटना में शामिल बुलेट और उसके चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार हल्दौर थाना क्षेत्र की झालू चौकी के अंतर्गत गांव रसूलपुर आबाद निवासी राजेश पुत्र जसराम 52 वर्ष रोज की तरह बिजनौर से मजदूरी कर अपने गांव लौट रहे था। रात करीब आठ बजे वह कस्बा झालू स्थित पानी की टंकी के पास एक निजी चिकित्सक की दुकान से दवा लेने के लिए रुके। दवा लेने के बाद जैसे ही वह अपने गांव की ओर जाने के लिए आगे बढ़े,तभी बिजनौर की ओर से आ रही एक बुलेट मोटरसाइकिल ने उन्हें टक्कर मार दी।


बताया गया कि बुलेट चालक जयवेंद्र पुत्र विजयपाल निवासी फरीदपुर उर्फ निजामपुर, थाना कोतवाली देहात था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि राजेश गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही झालू चौकी प्रभारी कुलदीप कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल को एंबुलेंस से उपचार के लिए बिजनौर भेजा गया,लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।


राजेश की मौत की खबर मिलते ही पुरे गाव सहित परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था और उनकी असामयिक मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।


स्थानीय लोगों का कहना है कि पानी की टंकी के पास शराब का ठेका होने के कारण हमेशा भीड़भाड़ रहती है, जिससे यहां आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। ग्रामीणों के अनुसार पिछले एक वर्ष मे इस स्थान पर कई हादसे हो चुके हैं और अनेक लोगों की जान जा चुकी है। लोगों ने प्रशासन से इस क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने और दुर्घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की है।


इस संबंध में झालू चौकी प्रभारी कुलदीप कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

कुल पाठक संख्या.........