नहटौर से कोतवाली देहात मार्ग पर शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ जिसने राहगीरों की रूह कंपा दी। ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल के पास एक रोडवेज बस और रॉयल एनफील्ड बुलेट बाइक के बीच आमने-सामने की टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक बस के अगले हिस्से में बुरी तरह फंस गई। इस दुर्घटना में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए जिनमें से एक की हालत नाजुक बनी हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा शनिवार शाम करीब 4:00 बजे का है जहा एक बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक जा रहे थे जैसे ही वे ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल के समीप पहुँचे तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार रोडवेज बस से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर की आवाज इतनी जोरदार थी कि आसपास के लोग सहम गए और तुरंत मौके की ओर दौड़े।
टक्कर की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बुलेट पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और बस के अगले हिस्से (चेसिस) में जा फंसी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और नहटौर-कोतवाली देहात मार्ग पर कुछ देर के लिए यातायात बाधित रहा।
दुर्घटना में घायल हुए युवकों की पहचान फैसल और सुल्तान के रूप में हुई है जो जनपद अमरोहा के निवासी बताए गए। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने तुरंत एंबुलेंस बुलाई और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीएचसी पहुँचाया| सीएचसी के डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। कोतवाली प्रभारी रविन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि जिला अस्पताल में इलाज के दौरान एक घायल की हालत अधिक नाजुक होने पर उसे बेहतर उपचार के लिए मेरठ रेफर किया गया|
क्षेत्रीय लोगों का आरोप है कि इस मार्ग पर वाहनों की रफ्तार पर कोई अंकुश नहीं है जिसके कारण आए दिन जानलेवा हादसे होते रहते हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क पर यातायात नियंत्रण के कड़े इंतजाम किए जाए|
