हल्दौर| झालू से नहटौर मार्ग पर रिलायंस पेट्रोल पंप के पास बीती रात्रि एक अज्ञात वाहन ने राहगीर को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण सड़क हादसे में व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया था जिसकी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस मृतक की शिनाख्त के प्रयास कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बीती रात झालू से नहटौर रोड पर स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के पास एक अज्ञात वाहन चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए एक व्यक्ति को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि व्यक्ति के सिर में गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। घटना के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
वहाँ से गुजर रहे राहगीरों ने तत्काल इसकी सूचना झालू चौकी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी कुलदीप कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस ने बिना समय गवाएं एंबुलेंस बुलाई और घायल को तुरंत उपचार हेतु अस्पताल भिजवाया। हालांकि,डॉक्टरों के अथक प्रयासों के बावजूद घायल व्यक्ति ने दम तोड़ दिया।
चौकी प्रभारी कुलदीप कुमार ने बताया कि मृतक की शिनाख्त अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के गांवों और थानों में संपर्क कर उसकी पहचान कराने का प्रयास कर रही है। बीती रात्रि अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ था जिसकी अस्पताल में मौत हो गई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और विधिक कार्यवाही अमल में लाई जा रही है। मृतक की पहचान के प्रयास जारी हैं।
