प्राप्त जानकारी के अनुसार जनपद बिजनौर के गाँव दारानगर गंज निवासी नितिन जो धामपुर की एक फाइनेंस कंपनी में कार्यरत है उसकी पत्नी पिंकी (35 वर्ष) बुधवार शाम घर पर अपने बच्चों के साथ थी। बताया जा रहा है कि बुधवार की शाम पिंकी की अपने पति नितिन से फोन पर किसी बात को लेकर तीखी नोकझोंक हुई जिसके बाद विवाद इतना बढ़ा कि क्षुब्ध होकर पिंकी ने घर में रखा जहरीला पदार्थ निगल लिया।
हालत बिगड़ने पर परिजनों ने आनन-फानन में ही उसे एक निजी चिकित्सक के पास भर्ती कराया जहा उसकी स्थिति गंभीर होने के कारण उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया और जहा उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मृतका पिंकी अफजलगढ़ क्षेत्र के ग्राम बिक्कावाला की रहने वाली थी। उसकी शादी लगभग 9 वर्ष पूर्व नितिन निवासी गंज के साथ हुई थी। इस आत्मघाती कदम के बाद पिंकी अपने पीछे दो मासूम बच्चों को रोता-बिलखता छोड़ गई है। ग्रामीणों में चर्चा है कि दो दिन पूर्व छोटा बेटा चाय से झुलस गया था|
घटना की सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुँच गए। मृतका के भाई ने अपने जीजा नितिन पर आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। सूचना मिलते ही कोतवाली शहर पुलिस ने मौके पर पहुँचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इस घटना के सम्बन्ध मे जब बिजनौर कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक राम प्रताप सिंह ने बताया कि मृतका के भाई की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। प्रथम दृष्टया जहर खाने से मौत की बात सामने आई है। पुलिस मामले की गहनता से जाँच कर रही है। मौत के सही कारणों का पता तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही लग पाएगा अग्रिम आवश्यक कार्याही की जा रही है|
