हल्दौर/जिला बिजनौर- संदिग्ध परिस्थितियों मे युवक का शव पड़ा मिलने से क्षेत्र मे फैली सनसनी - NEWS INDIA 24 #बेबाक कलम, बेखौफ सच#

Breaking

बुधवार, 27 मई 2026

हल्दौर/जिला बिजनौर- संदिग्ध परिस्थितियों मे युवक का शव पड़ा मिलने से क्षेत्र मे फैली सनसनी

www.newsnindia.com

हल्दौर थाना क्षेत्र के गांव छजुपुरा सादात के पास जंगल में बुधवार को एक लगभग 22 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कर परिजनों को घटना की जानकारी दी। शव के पास से जहरीले पदार्थ का एक खाली पैकेट बरामद हुआ है जिससे प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार को गांव छजुपुरा सादात के समीप एक किसान के खेत/जंगल के पास से गुजर रहे कुछ लोगों को अचानक तेज दुर्गंध महसूस हुई। शक होने पर जब उन्होंने करीब जाकर देखा तो वहां एक युवक का शव पड़ा हुआ था जो कुछ दिन पुराना प्रतीत हो रहा था। शव मिलने की खबर गांव में आग की तरह फैल गई और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।


सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस द्वारा की गई शिनाख्त में मृतक की पहचान पास के ही गांव बल्दिया निवासी उर्म लगभग 22 वर्षीय अर्जुन कुमार के रूप में हुई। पुलिस ने तुरंत युवक के परिजनों को घटना की सूचना दी। जवान बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


पुलिस के अनुसार घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान युवक के शव के पास से एक जहरीले पदार्थ का खाली पैकेट बरामद हुआ है। प्रारंभिक जांच और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मानकर चल रही है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।


हल्दौर पुलिस का कहना है कि मौत के असली कारणों का सटीक खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की गहनता से जांच कर रही है।

कुल पाठक संख्या.........